प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के नाम रही। मुख्य पंडाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल क्रिश ज्योति और आंचल विद्या भारती के छात्र-छात्राओं ने नृत्य संगीत और संदेशपरक नाटकों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मेले की सांस्कृतिक छटा को और आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान क्रिश ज्योति के बच्चों ने मराठी रीमिक्स पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं आंचल विद्या भारती के छात्र-छात्राओं ने बम-बम भोले मस्ती में डोले देशभक्ति गीत तथा झटका जरा सा और इतनी सी खुशी जैसे बॉलीवुड रीमिक्स पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने फोन एडिक्शन विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। प्रारंभिक प्रस्तुतियों के बाद प्राथमिक विद्यालय वर्ग की मुख्य सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सात विद्यालयों ने ऐच्छिक और अनिवार्य दोनों वर्गों में प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना महिषासुर वध रक्तबीज गुंजन अस्थाना थीम शिव संवाद हरियाणवी गीतों तथा गढ़वाली लोकगीतों और शास्त्रीय गीतों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्री गुरु राम राय एसजीआरआर पब्लिक स्कूल ने ऐच्छिक और अनिवार्य दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शिशु विद्या मंदिर नरेंद्रनगर ने दोनों वर्गों में द्वितीय स्थान हासिल किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उच्च वर्ग की सांस्कृतिक प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय और राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों ने नंदा देवी राजजात विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अनिवार्य वर्ग में राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ऐच्छिक वर्ग में राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर ने जागंतु सॉन्ग पर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शालिनी जोशी शैलेन्द्र नौटियाल और कुमारी राधा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की दर्शकों ने सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष विमल नेगी उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घल्ड़ियाल सभासद सचिन भंडारी पुष्पा राणा ममता विनीता सरिता जोशी और महेश गुसाईं सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य लोग मौजूद रहे।
