प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने चौकी बीपुरम क्षेत्र में खाड़खाला के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 9 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में लगातार सघन चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी टिहरी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 13 अक्टूबर 2026 को चौकी बीपुरम क्षेत्र के अंतर्गत खाड़खाला के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम पुत्र कलीराम उम्र 26 वर्ष निवासी गली नंबर 05 शांति नगर भरत मंदिर स्कूल के पास ऋषिकेश जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली नई टिहरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत चौकी प्रभारी कोटी कॉलोनी हेड कांस्टेबल अरविंद सेमवाल और कांस्टेबल मुकेश सैनी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने अवैध नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
