Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि के अनुरूप जारी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियों के तहत कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला जैसे विशाल आयोजन में सभी विभागों को गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन योजनाओं की निविदाएं प्रथम प्रयास में स्वीकृत नहीं हो सकी हैं और जिनमें पुनः निविदा प्रक्रिया की आवश्यकता है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने वाले विभागों की योजनाओं की स्वीकृति निरस्त कर उनकी धनराशि अन्य प्राथमिक कार्यों में उपयोग की जाएगी। मेलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना संभव नहीं है उन पर संसाधन और समय व्यर्थ न किया जाए तथा प्राथमिकता वाले कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए। उन्होंने आगामी वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में संचालित सभी परियोजनाओं को पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात शुरू होने से पहले अधिकतम प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में केएफडब्ल्यू वित्त पोषित सीवरेज योजना से जुड़े कार्यों को 30 जून तक पूरा करने तथा इससे प्रभावित सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम अधिकारियों को भूपतवाला क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधारीकरण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। मेलाधिकारी ने वित्त नियंत्रक को निर्देशित किया कि भारत सरकार से स्वीकृत योजनाओं के लिए जारी प्रशासनिक स्वीकृतियों के अनुसार संबंधित विभागों को कार्यादेश जारी होते ही प्रथम किश्त की धनराशि उपलब्ध कराई जाए ताकि कार्यों में वित्तीय बाधा न आए। बैठक में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति अस्थायी बस अड्डों के विकास तथा विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। खाद्य आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन के लिए पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखी जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल नगर आयुक्त नंदन कुमार पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp