Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में ई-एफआईआर नागरिक केंद्रित पुलिसिंग जनपद की कानून व्यवस्था अपराध नियंत्रण महिला सुरक्षा साइबर अपराध नशा उन्मूलन लंबित विवेचनाओं तथा जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत पुलिस कार्मिकों की समस्याओं और सुझावों को सुनने से हुई। एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक प्रेरित और संतुष्ट पुलिस बल ही जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकता है। इस दौरान जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया गया। एसएसपी ने सम्मानित कार्मिकों की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नागरिक केंद्रित पीड़ित केंद्रित और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करना है। आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक पुलिस अधिकारी जनता के प्रति सहयोगात्मक और सकारात्मक व्यवहार अपनाए। बैठक के दौरान साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई साइबर जागरूकता पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। एसएसपी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं ऐसे में जनजागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पुस्तिका में दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। गोष्ठी में जनपद में अपराध एवं नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देने ई-एफआईआर प्रणाली को और प्रभावी बनाने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने तथा जन शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई ड्रंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा मां गंगा के तटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं जांचों और प्रारंभिक जांचों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने आरोप पत्र समय से न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा न्यायालयीय आदेशों सम्मनों और वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई महिलाओं के अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त तथा गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में डायल-112 उत्तराखंड पुलिस ऐप और अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को आई-रेड एप एवं वेब एप पर समय से अपलोड करने तथा संबंधित कार्मिकों को नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपदा प्रबंधन की तैयारियों को समय से पूर्ण करने ग्राम प्रहरियों को प्रशिक्षित करने और नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। गोष्ठी के दौरान सहायक अभियोजन अधिकारी द्वारा विशेष श्रेणी के अपराधों सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की विधिक समीक्षा भी प्रस्तुत की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह सीएफओ टिहरी जनपद के सभी थाना प्रभारी शाखा प्रभारी तथा विभिन्न थानों के पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp