Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बुधवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2025 तथा माननीय उच्चतम न्यायालय में योजित सिविल अपील 6174/2023 में पारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन के तहत नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के रैंतोली स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी हरेन्द्र चौहान ने जिलाधिकारी को बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा डोर-टू-डोर सोर्स सेग्रीगेशन के माध्यम से घर-घर से पृथक-पृथक कूड़ा एकत्र किया जा रहा है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2025 एवं उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप एकत्रित कूड़े को अलग-अलग वाहनों के माध्यम से एमआरएफ तक पहुंचाया जाता है जहां अजैविक कचरे की वस्तुवार छंटाई कर बेलिंग मशीन से उसकी बेल तैयार की जाती है और पुनर्चक्रण के लिए विक्रय किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एमआरएफ परिसर में एक ट्रॉमल मशीन एक बेलिंग मशीन तथा एक श्रेडर मशीन स्थापित है। वहीं जैविक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए छह एनएडीईपी पिट और एक ऑर्गेनिक वेस्ट कम्पोस्टिंग मशीन संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त घरेलू बायो-मेडिकल अपशिष्ट जैसे डायपर एवं सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए 100 किलोग्राम क्षमता की एक इंसिनरेटर मशीन भी स्थापित की गई है। अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 4.5 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट का संग्रहण कर उसका नियमित रूप से उसी दिन वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही एमआरएफ को और अधिक विस्तारित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने नगर पालिका परिषद द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2025 तथा उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुए नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष संतोष रावत उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह पंवार राजस्व उपनिरीक्षक प्रियंका प्रभारी सफाई निरीक्षक चन्द्रशेखर चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp