Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की गई। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने अभियान चलाकर 40 से 45 अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से रेलवे भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर रेलवे जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान रेलवे भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा आगामी कांवड़ मेले और कुंभ मेले को सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से सरकारी भूमि सड़क किनारों फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनपद में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता पटवारी रविकांत सहित रेलवे प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp