Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। 23 जून 2026 की रात कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस द्वारा मलेथा चेक पोस्ट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहित शाह (31 वर्ष) निवासी कर्णप्रयाग जनपद चमोली तथा हाल निवासी श्रीकोट श्रीनगर के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के नशा तस्करी गतिविधियों में संलिप्त होने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं को स्मैक की आपूर्ति करता था। पुलिस अब उसके नशा तस्करी नेटवर्क आपूर्ति श्रृंखला तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन-किन क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती और दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा उपनिरीक्षक विनय शर्मा अपर उपनिरीक्षक प्रवीण नेगी अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी हेड कांस्टेबल मनमोहन तथा कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास स्मैक चरस नशे के इंजेक्शन या अन्य मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा तस्करी की जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना चौकी अथवा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp