Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान स्थलों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 994 मतदान स्थल हैं। प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 2,41,352 पुरुष 2,22,272 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार मतदाताओं का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि घनसाली (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में 161 मतदान स्थल तथा 85,081 मतदाता देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 158 मतदान स्थल एवं 75,437 मतदाता नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में 175 मतदान स्थल एवं 79,199 मतदाता प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में 153 मतदान स्थल एवं 74,237 मतदाता टिहरी विधानसभा क्षेत्र में 156 मतदान स्थल एवं 66,877 मतदाता तथा धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में 191 मतदान स्थल एवं 82,797 मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक सभी मतदान स्थलों ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड की वेबसाइट भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट तथा ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल एप के माध्यम से भी अपने नाम का सत्यापन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन नागरिकों की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा जिन मतदाताओं के नाम पते या अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है वे निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 नाम विलोपन अथवा आपत्ति के लिए प्रपत्र-7 तथा नाम पता या अन्य विवरण में संशोधन एवं पता परिवर्तन के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी जबकि उनका निस्तारण 14 जुलाई से 11 सितम्बर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर 2026 को किया जाएगा। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने यह भी बताया कि ऐसे नागरिक जो आगामी अर्हता तिथियों 1 अक्टूबर 2026 अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे वे भी अग्रिम रूप से प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उनके आवेदन का निस्तारण संबंधित अर्हता तिथि के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने तथा समय रहते अपने नाम पते एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कराने की अपील की। अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के टोल फ्री नंबर 01376-1950 अथवा 01376-232164 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp