Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कर्णप्रयाग पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर को 3.82 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी नशा तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कर्णप्रयाग बाजार गांधीनगर आईटीआई रोड और सुभाष नगर क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा शाम के समय नशे की तस्करी और सेवन किए जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी करते हुए 17 जुलाई को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाबा आश्रम के समीप सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.82 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज सिंह नेगी (33 वर्ष) निवासी ग्राम सगर पोस्ट गवाड़ देवलधार थाना गोपेश्वर जनपद चमोली के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध देहरादून के राजपुर थाना और चमोली के गोपेश्वर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह हेड कांस्टेबल प्रकाश कंडवाल कांस्टेबल नरेश नेगी कांस्टेबल रविकांत (एसओजी) तथा कांस्टेबल सलमान (एसओजी) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *