प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक शनिवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में छात्रवृत्ति वितरण से जुड़े तकनीकी विषयों तथा वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा की गई। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि जनपद के 840 पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार से सीड न होने के कारण उन्हें छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है इसलिए आधार सीडिंग अनिवार्य है। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विद्यार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग की प्रक्रिया अगले 15 दिनों के भीतर पूरी कराई जाए ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में बैंक और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकासखंडों में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समयावधि के भीतर एनएसपी पोर्टल पर भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवेदन के लिए आवश्यक आय एवं जाति प्रमाण पत्र समय रहते तैयार करा लिए जाएं ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध हो सके। बैठक में अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहायक लीड बैंक अधिकारी भूपेश नौटियाल तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी और सहायक समाज कल्याण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
