Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सभागार में जनपद की सभी शहरी स्थानीय निकायों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सेप्टिक टैंक प्रबंधन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में अधिक मात्रा में कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों होटलों धर्मशालाओं एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का चिन्हीकरण कर उनके लिए प्रभावी बल्क वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी संस्थानों द्वारा वैज्ञानिक तरीके से एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप अपशिष्ट का निस्तारण कराया जाए। सेप्टिक टैंक प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले सभी वेंडरों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेप्टिक अपशिष्ट का निस्तारण केवल एसटीपी के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही सेनिटरी इंस्पेक्टरों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में सेप्टिक अपशिष्ट सीधे नदी-नालों में डिस्चार्ज न होने पाए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी ने लीगेसी वेस्ट के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर निकायों में सैनिटरी लैंडफिल साइट ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा एमआरएफ सेंटर के लिए भूमि आवंटन एवं भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा कम्पेक्टर मशीनों के संचालन और आवश्यक संयंत्र स्थापित करने की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। बैठक में बताया गया कि जनपद के 68 वार्डों में अप्रैल से जून माह के दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण अभियान के तहत 24,594 प्रतिष्ठानों से 18 लाख 26 हजार 53 रुपये की आय प्राप्त हुई है। वहीं गीले कूड़े से तैयार कम्पोस्ट खाद के विक्रय से 14 हजार 620 रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की गई। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में संचालित 79 सार्वजनिक शौचालयों की कुल 354 सीटों की नियमित साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर शौचालयों एवं स्नानागारों की समुचित व्यवस्था समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में स्वीकृत 1,851 आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के तहत निर्धारित 2,145 लाभार्थियों के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एबीसी सेंटर एवं रजत जयंती पार्क की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *