Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा रेनबो पब्लिक स्कूल श्रीनगर में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करना था। शिविर के दौरान अनुभवी ऑप्टोमेट्रिस्ट जितेंद्र कुमार ने कक्षा सात से बारहवीं तक के लगभग 200 छात्र-छात्राओं की आंखों की विस्तृत जांच की। इस दौरान विद्यार्थियों की दृष्टि क्षमता (विजुअल एक्यूटी) और अपवर्तक दोष (रिफ्रैक्टिव एरर) सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच की गई। जिन विद्यार्थियों में आगे उपचार या विशेष जांच की आवश्यकता पाई गई उन्हें नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी गई। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को आंखों की देखभाल और स्वस्थ दृष्टि बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। विशेषज्ञों ने मोबाइल कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरणों का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने पर्याप्त रोशनी में अध्ययन करने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा आंखों से जुड़ी समस्याओं के शुरुआती लक्षणों को पहचानने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने के महत्व पर भी जोर दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताते हुए विश्वविद्यालय के योग विभाग और विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और भविष्य में होने वाली गंभीर नेत्र समस्याओं की रोकथाम में भी सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के योग विभाग ने रेनबो पब्लिक स्कूल के प्रबंधन शिक्षकों तथा सभी छात्र-छात्राओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp