प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा काजल नौटियाल ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट ट्रायल्स में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ ही काजल का चयन सीबीएसई अंडर-19 बालिका राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप 2026-27 के लिए भी हो गया है। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। काजल नौटियाल ने ट्रायल्स के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनकी कड़ी मेहनत अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय काजल की मेहनत के साथ-साथ विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक अतुल उनियाल एवं राकेश डंगवाल के कुशल मार्गदर्शन नियमित प्रशिक्षण और प्रेरणा को भी दिया है। दोनों प्रशिक्षकों ने समय-समय पर छात्रा को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और उसकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.रेखा उनियाल ने काजल नौटियाल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि काजल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी। विद्यालय के खेल विभाग एवं समस्त रेनबो परिवार ने काजल नौटियाल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि काजल की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
