Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारी सीजन के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित अग्निशमन कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस द्वारा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में 03 नवंबर 2026 को फायर सर्विस की टीमों द्वारा गोपेश्वर और गौचर तथा कर्णप्रयाग एवं गैरसैंण नगर क्षेत्रों में स्थापित फायर हाइड्रेंट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान फायर हाइड्रेंट की भौतिक स्थिति और जलापूर्ति व्यवस्था एवं कार्यशीलता की जांच की गई ताकि आग लगने की किसी भी आपात स्थिति में इनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। फायर सर्विस द्वारा जनपद के अन्य नगर क्षेत्रों में भी फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित कर आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों की खुशियों में सुरक्षा को नजरअंदाज न करें। आतिशबाजी सावधानीपूर्वक करें और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल फायर सर्विस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *