Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों पर जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 03 नवंबर 2026 को अग्निशमन अधिकारी फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में फायर टीम ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की गई। विशेष रूप से नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए संचालित एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) का निरीक्षण कर वहां अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। फायर टीम ने चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों यानी फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग एवं संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया ताकि किसी भी आकस्मिक अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी संस्थानों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें और अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखें तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *