प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। हैलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लौट रहे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के एक अधिकारी की दुर्गम रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। अधिकारी के चलने में असमर्थ होने की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 नवंबर 2026 को रात्रि लगभग 19:00 बजे पुलिस कंट्रोल रूम गोपेश्वर को आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग 01 नवंबर 2026 को पाण्डुकेश्वर के रास्ते हैलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए रवाना हुए थे। वापस लौटते समय उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति की अचानक तबीयत खराब हो गई है और वह चलने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही कोतवाली गोविन्दघाट पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को सूचित किया और रेस्क्यू टीम को बताए गए स्थान के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थिति का जायजा लिया तो पता चला कि बीमार व्यक्ति विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के अधिकारी हैं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह चलने में असमर्थ थे। क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्ते को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए अधिकारी को अपने कंधों पर उठाया और सुरक्षित पाण्डुकेश्वर पहुंचाया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई तथा समय पर मिले सहयोग से दिनेश डांगी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वर्तमान में उनका स्वास्थ्य सामान्य है। इस रेस्क्यू अभियान के माध्यम से चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में भी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया।
