Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य अग्निशमन अधिकारी पौड़ी राजेन्द्र सिंह खाती ने फायर स्टेशन कोटद्वार का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर कार्यालय स्टोर एमटी शाखा अभिलेखों एवं संचार व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया। इसके बाद फायर स्टेशन में उपलब्ध अग्निशमन वाहनों एवं विभिन्न उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। उन्होंने कार्मिकों को सभी अग्निशमन उपकरणों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने और उन्हें सदैव कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए। स्टेशन पर उपलब्ध रेस्क्यू एवं आपदा प्रबंधन उपकरणों का भी कार्मिकों से बारी-बारी से संचालन करवाया गया तथा उनकी कार्यप्रणाली एवं उपयोग संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन में नियुक्त महिला एवं पुरुष फायरमैनों को उपलब्ध अग्निशमन एवं रेस्क्यू उपकरणों के संचालन की समुचित जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन कार्मिकों की उपलब्धता बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन प्रभारी को विशेष निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त समस्त कार्मिकों को अग्निशमन एवं रेस्क्यू संबंधी घटनाओं के दौरान घटनास्थल पर अनिवार्य रूप से व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सदैव सतर्क सजग एवं तत्पर रहने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *