प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए ‘मेरी योजना’ पुस्तकों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें इन योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है। प्रशासन के अनुसार ‘मेरी योजना’ पुस्तकों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सरल संक्षिप्त और उपयोगी विवरण उपलब्ध कराया गया है। इनमें योजनाओं की पात्रता लाभ आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर संकलित की गई हैं ताकि आमजन को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और वे समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आकाशवाणी देहरादून द्वारा 19 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चार निर्धारित समय पर ‘मेरी योजना’ पुस्तकों पर आधारित ऑडियो क्लिप का प्रसारण भी किया जा रहा है। पहला प्रसारण सुबह 7:30 से 8:00 बजे दूसरा 10:30 से 11:00 बजे तीसरा शाम 5:10 से 5:45 बजे तथा चौथा शाम 5:45 से 7:00 बजे के बीच किया जा रहा है।इन ऑडियो प्रसारणों के माध्यम से प्रदेशभर के श्रोताओं तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल और सहज भाषा में पहुंचाई जा रही है जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ‘मेरी योजना’ पुस्तकों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी केवल जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
