Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार 11 नवम्बर 2026 को प्रातः 08:30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के प्रातः 04:00 बजे से विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू की गई थी। निर्धारित धार्मिक परम्पराओं के अनुसार समस्त पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए। इसके पश्चात प्रातः 08:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर पूरा केदारनाथ धाम बाबा केदार के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमन्त द्विवेदी और जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा सहित पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर तथा बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी और चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तीर्थ पुरोहितगण हक-हकूकधारी और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने। कपाट बंद होने के पश्चात भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा केदार की डोली के धाम से रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से जयकारे लगाते हुए डोली को विदाई दी। अधिकांश श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम से डोली के साथ ही प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवम्बर को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में रहेगा। इसके बाद 12 नवम्बर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवम्बर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परम्पराओं और विधि-विधान के अनुसार भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारम्भ होगी। शीतकाल के आगामी छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सम्पन्न होंगे। इस अवधि में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन कर सकेंगे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *