Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद का उचित निस्तारण लंबे समय से पर्यावरण के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की पहल पर देश में पहली बार खच्चरों की लीद और पीरूल के मिश्रण से फायर पेलेट तैयार करने की पहल की गई है। इसके लिए सोनप्रयाग में पेलेट निर्माण इकाई स्थापित की गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को इस यूनिट का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। हालांकि यह इकाई अभी बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम नहीं है लेकिन इसके शुरुआती परिणाम काफी बेहतर सामने आए हैं। यहां तैयार किए जा रहे फायर पेलेट के माध्यम से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए स्थापित हॉट वॉटर जनरेटर से 24 घंटे निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। ये बायोमास पेलेट कार्बन न्यूट्रल हैं और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से बेहतर ईंधन विकल्प माने जा रहे हैं। इन पेलेट का उपयोग हॉट वॉटर बॉयलर के साथ-साथ ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले फायर स्टोव में भी किया जाएगा। इससे गैस और डीजल की खपत में बचत होगी। इसके अलावा उत्तराखंड में स्थापित उद्योगों की फर्नेस में भी इन पेलेट का उपयोग किया जाएगा। इस इकाई की स्थापना उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सौजन्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रुद्रप्रयाग और वन विभाग रुद्रप्रयाग के सहयोग से एनजीओ हाईफीड द्वारा की गई है। संस्था के निदेशक उदित घिल्डियाल ने बताया कि भारी यात्रा दबाव के चलते सोनप्रयाग में पेलेट निर्माण इकाई और केदारनाथ धाम में हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जल्द ही लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद के उचित निस्तारण में मदद मिलेगी। साथ ही पीरूल का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल ईंधन तैयार करने से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और गैस एवं डीजल जैसे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *