प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। यात्रा के समापन अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा बेस कैंप केदारनाथ में भंडारे का आयोजन किया गया। बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए वापस लौट रहे श्रद्धालुओं एवं अन्य यात्रियों के लिए पुलिस की ओर से भंडारे की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान डोली के साथ पैदल मार्ग से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के साथ सेवा भाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया। पुलिसकर्मियों ने पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए तत्परता से कार्य किया। यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित इस भंडारे के माध्यम से पुलिस ने श्रद्धालुओं के प्रति सेवा सहयोग और आत्मीयता का भाव प्रस्तुत किया। इस आयोजन के जरिए पुलिस ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ बनाए गए सेवा और सहयोग के रिश्ते को भी आत्मीयता के साथ आगे बढ़ाया।
