प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर धाम से लेकर पैदल यात्रा मार्ग और सोनप्रयाग तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे और अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा समाप्ति के बाद भी केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों और सफाई कर्मियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया गया ताकि धाम की प्राकृतिक सुंदरता और पवित्रता बनी रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की स्वच्छता सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कार्मिकों को निरंतर सजग रहकर कार्य करना होगा।
