Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद टिहरी गढ़वाल के थत्यूड़ क्षेत्र में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए टिहरी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में थत्यूड़ पुलिस ने क्षेत्र में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने थत्यूड़ क्षेत्र के विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रह रहे किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के साथ ही मजदूरों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके अलावा होटल ढाबों दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी भी जुटाई गई। सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने यहां निवासरत किरायेदारों और कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर भी सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। पुलिस द्वारा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। टिहरी पुलिस ने सभी मकान मालिकों होटल संचालकों एवं अन्य प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सतर्कता और निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *