प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। बाबा केदार के पावन धाम में दीपावली के शुभ अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण बना हुआ है। रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार की ओर से समस्त श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। जनपद रुद्रप्रयाग स्थित विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम में हिमालय की गोद में विराजमान बाबा केदार का दिव्य धाम इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से आलोकित है। धाम में की गई भव्य पुष्प सजावट और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच भगवान के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान कर रहे हैं। श्री केदारनाथ धाम से आज के प्रातःकालीन मंगल दर्शन के साथ ही दीपावली के पावन अवसर पर बाबा केदार के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवम्बर 2026 को बंद किए जाने हैं और यात्रा समापन में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं। इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। अब तक कुल 19 लाख 4 हजार 639 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह संख्या बाबा केदार के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था और श्रद्धा को प्रदर्शित करती है। दीपावली के पावन अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने समस्त श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। पुलिस ने कामना की कि बाबा केदार सभी के जीवन में सुख शांति और समृद्धि का प्रकाश फैलाएं। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा के शेष दिनों में धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
