प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवम्बर को शीतकाल के लिए विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आज बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने केदारनाथ मंदिर में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही धाम में कपाट बंद होने की प्रारंभिक धार्मिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। कल प्रातः निर्धारित शुभ मुहूर्त में बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कपाट बंद होने के कार्यक्रम के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने और तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा धाम में विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। मंदिर परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और स्वच्छता के साथ पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके अलावा आवास और स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। पैदल मार्ग एवं धाम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यक स्थानों पर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहे। वहीं पुलिस विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के साथ सुचारु आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। नियमित निगरानी के साथ अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां की जा रही हैं। विद्युत विभाग और पेयजल विभाग के साथ लोक निर्माण विभाग एवं नगर निकाय तथा सुलभ सहित अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि कपाट बंद होने का धार्मिक कार्यक्रम परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप सुरक्षित और सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
