प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय मासूम बालिका को पीआरडी जवान की सजगता और पुलिस की तत्परता से सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना 11 नवम्बर 2026 को कोतवाली गोपेश्वर क्षेत्र में सामने आई। जानकारी के अनुसार जड़ी-बूटी शोध संस्थान मंडल के समीप ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान दिनेश लाल की नजर एक 10 वर्षीय बालिका पर पड़ी जो अकेले मंडल से चोपता की ओर जा रही थी। मासूम को अकेले जाते देख पीआरडी जवान ने उसे रोका और बड़े प्यार से पूछताछ की। इस दौरान बालिका ने बताया कि वह परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई है और चोपता जा रही है। बच्ची की बात सुनते ही पीआरडी जवान दिनेश लाल ने तत्काल इसकी सूचना चौकी प्रभारी मंडल अपर उपनिरीक्षक विपिन त्यागी को दी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बालिका को चौकी मंडल पहुंचाया और परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया। कुछ ही देर बाद बालिका के परिजन चौकी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। गौरतलब है कि मंडल से चोपता की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर घना जंगल है जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। ऐसे में महज 10 साल की बालिका का अकेले इस सुनसान रास्ते पर आगे बढ़ना किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता था। लेकिन पीआरडी जवान दिनेश लाल की सजगता और सूझबूझ के साथ ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। पुलिस ने इस घटना के माध्यम से अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की छोटी-छोटी नाराजगी और उनके मन की बातों को भी गंभीरता से समझें। बच्चों को डांटने के बजाय प्यार से समझाएं और उनकी भावनाओं को ध्यानपूर्वक सुनें। बच्चों को ऐसा विश्वास दें कि वे अपनी हर परेशानी बिना किसी झिझक के परिजनों के साथ साझा कर सकें। कभी-कभी अभिभावकों की थोड़ी-सी समझदारी और अपनापन बच्चों को गलत कदम उठाने से बचा सकता है। बच्चों को अच्छी परवरिश के साथ माता-पिता का प्यार और समय तथा भरोसा भी चाहिए।
