प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के दिसंबर माह में प्रस्तावित 13वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस दौरान कुलपति ने उपराष्ट्रपति को विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि उपराष्ट्रपति के साथ उनकी मुलाकात सकारात्मक और सार्थक रही। उपराष्ट्रपति ने आमंत्रण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड आने की इच्छा भी जाहिर की। कुलपति ने बताया कि उपराष्ट्रपति कार्यालय से उनके आगमन की औपचारिक सूचना प्राप्त होने के बाद ही दीक्षांत समारोह के लिए मुख्य अतिथि के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान उपराष्ट्रपति को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और अनुसंधान कार्यों के साथ अकादमिक उपलब्धियों एवं नवाचार तथा कौशल विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से भी अवगत कराया गया। कुलपति ने विश्वविद्यालय की भौगोलिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि और उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी उपराष्ट्रपति को अवगत कराया। विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह दिसंबर माह में प्रस्तावित है और इसके आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
