Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री सुनील सैनी के पिता एवं हरिद्वार के प्रतिष्ठित समाजसेवी और शिक्षाविद् बलबीर सिंह सैनी का 87 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से हरिद्वार सहित पूरे सैनी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। बलबीर सिंह सैनी शिक्षा के क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण योगदान और समाजसेवा के कार्यों के लिए विशेष पहचान रखते थे। वह कुंती नमन कॉलेज के संस्थापक थे। उन्होंने शिक्षा के प्रसार को अपना महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाते हुए क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया। उनके प्रयासों से अनेक विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला। वह केवल एक शिक्षाविद् ही नहीं थे बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपना जीवन समाज के उत्थान और जनसेवा के लिए समर्पित किया। सैनी समाज के प्रति उनका योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन को हरिद्वार के सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से परिवार और शुभचिंतकों के साथ ही शिक्षा जगत तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक व्याप्त है। कुंती नमन कॉलेज के संस्थापक के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *