Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान पेयजल पुनर्वास लोक निर्माण विभाग वन विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 55 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल पोर्टल पर अद्यतन किया जाए। जनता दरबार में विकासखंड जौनपुर की ग्राम पंचायत लामकांडे के प्रधान दिनेश सिंह रावत ने तहसील धनोल्टी की पट्टी सकलाना स्थित चुनारी गाड़ नाले से उत्पन्न खतरे के निवारण और आवश्यक सुरक्षा उपायों के शीघ्र क्रियान्वयन का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बटवालधार धनोल्टी निवासी मदन दास ने चंबा–मसूरी फल पट्टी क्षेत्र में अवैध पट्टों को नियमित कर पंजीकृत लीज किए जाने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कोट की प्रधान ममता भट्ट ने शिकायत की कि सहखातेदारों और ग्राम प्रधान की सहमति के बिना भूमाफियाओं द्वारा गुप्त रूप से भूमि की खरीद-फरोख्त की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम रोलाकोट प्रतापनगर निवासी धीरज ने टिहरी बांध परियोजना से संबंधित प्रतिकर और विस्थापन का मामला उठाया। वहीं प्रतापनगर के ग्राम भरपूर पट्टी निवासी सीता देवी ने अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बौराड़ी निवासी साहिमा ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को शीघ्र समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत पाली की प्रधान जयसुरी देवी ने धोनाबागी–चावलखेत–नई टिहरी मोटर मार्ग पर मिट्टी डंपिंग से ग्राम पंचायत पाली के पेयजल स्रोत को हो रहे नुकसान की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा के दौरान बादल फटने से ग्राम पाली के अखोड़ी खाले में क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। रोलाकोट प्रतापनगर निवासी अखिलेश ने टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों को देहरादून जनपद में आवंटित कृषि एवं आवासीय भूमि पर निर्मित भवनों के नक्शों की स्वीकृति में छूट दिए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल ने मरोड़ा पुल स्थित खाद्य आपूर्ति गोदाम में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक के नियमित रूप से उपस्थित न रहने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp