Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सिडकुल पुलिस ने घर का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को चोरी किए गए मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को सूर्यनगर कॉलोनी रोशनाबाद निवासी राशिद ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कमरे का ताला तोड़कर रियलमी सी-13 मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने वाहन चेकिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर न्यू थाना भवन सिडकुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। उसकी तलाशी लेने पर चोरी किया गया रियलमी सी-13 मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नाजिम पुत्र मुन्ने निवासी खुदागंज जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी रोशनाबाद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि 24 जुलाई 2026 को उसने सूर्यनगर कॉलोनी रोशनाबाद स्थित एक कमरे का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी किया था। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए घरों से मोबाइल चोरी करता है। बरामद मोबाइल इसी मामले से संबंधित पाए जाने पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में एक रियलमी सी-13 मोबाइल फोन (काला रंग) शामिल है। पुलिस टीम उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान एवं कांस्टेबल मनीष कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *