प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपदभर में नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत देवप्रयाग पुलिस ने 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनकी कार सीज कर दी। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार संख्या यूके 12 वी 4532 को रोककर उसमें सवार युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रजत नेगी निवासी पौड़ी के कब्जे से 5.30 ग्राम तथा काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल निवासी धारा रोड पौड़ी के कब्जे से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 10.33 ग्राम स्मैक मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार भी सीज कर दी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें यह मादक पदार्थ किसने उपलब्ध कराया और इसके वितरण तथा बिक्री के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय रजत नेगी निवासी पौड़ी तथा 24 वर्षीय काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल निवासी धारा रोड पौड़ी के रूप में हुई है। बरामदगी में कुल 10.33 ग्राम स्मैक जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये है तथा तस्करी में प्रयुक्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। पुलिस टीम निरीक्षक राकेश चौधरी अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र भण्डारी हेड कांस्टेबल मनोज कुमार कांस्टेबल मुकेश आर्य सीआईयू श्रीनगर तथा कांस्टेबल विजय प्रकाश उपस्थित रहे।
