Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों और श्रद्धालुओं के सुरक्षित सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली लक्ष्मणझूला और पुलिस चौकी नीलकंठ की ओर से यात्रा मार्ग पर व्यापक स्तर पर दिशासूचक साइन बोर्ड और मार्गदर्शन संकेतक लगाए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सही दिशा और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। यात्रा मार्ग के प्रमुख चौराहों तिराहों पार्किंग स्थलों पैदल मार्गों वैकल्पिक मार्गों तथा नीलकंठ मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर लगाए गए साइन बोर्डों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दिशा दूरी पार्किंग पुलिस सहायता केंद्र और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इन दिशासूचक संकेतकों से यात्रियों को अनावश्यक भ्रम भीड़भाड़ और मार्ग अवरोध जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित यात्रा मार्ग का पालन करने लगाए गए दिशासूचक साइन बोर्डों एवं सूचना संकेतकों पर अंकित निर्देशों का अनुसरण करने तथा यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता सूचना अथवा आपात स्थिति में श्रद्धालु निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से तत्काल संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp