Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग एवं रिफिलिंग की शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को कोटद्वार क्षेत्र में संयुक्त टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग का कोई मामला सामने नहीं आया लेकिन दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दोनों सिलेंडर जब्त कर संबंधित संचालकों पर कुल ₹4,600 का अर्थदंड लगाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग बाट-माप विभाग तथा गैस एजेंसी के अधिकारियों के संयुक्त दल ने झंडाचौक एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इस पर दोनों घरेलू गैस सिलेंडर जब्त करते हुए संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा कुल ₹4,600 का अर्थदंड लगाया गया। वहीं अन्य सभी प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायत की पुष्टि नहीं हुई। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी व्यापारियों से घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। संयुक्त जांच दल में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के एआरओ करण क्षेत्री पूर्ति निरीक्षक संजना बिष्ट, पूर्ति निरीक्षक विजय कैन्तुरा मुकेश कुमार बाट-माप निरीक्षक प्रदीप रावत उमेश कुमार सब इंस्पेक्टर जयपाल सिंह तथा ईश्वर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp