Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुनि की रेती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 27 जुलाई 2026 की रात गुलर पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पिकअप वाहन संख्या UK-CD-1163 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 20 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से वाहन चालक अनुराग उर्फ सागर पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम निरंजनपुर थाना लक्सर जनपद हरिद्वार (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र से श्रीनगर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बरामदगी: 20 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब तथा पिकअप वाहन संख्या UK-CD-1163। पुलिस टीम उपनिरीक्षक शिवराम (चौकी प्रभारी गुलर) हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश कांस्टेबल नरेश तोमर एवं हेड कांस्टेबल अजयवीर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp