Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद नई टिहरी क्षेत्र के अंतर्गत टीएचडीसी भागीरथीपुरम एवं कोटी कॉलोनी के वार्डों में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने टीएचडीसी क्षेत्र के तीनों वार्डों में लेगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के वैज्ञानिक पृथक्करण और उसके समुचित निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण कर उसके निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पृथक्कृत कचरे का निष्पादन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुरूप प्रत्येक स्तर पर स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किए जाएं। उन्होंने टीएचडीसी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित वाहनों उपलब्ध संसाधनों एवं पूरी कार्यप्रणाली का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी व्यवस्थाओं का संचालन नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अधिशासी अधिकारी को टीएचडीसी के साथ समन्वय स्थापित कर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा 15 दिनों के भीतर संयुक्त अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत डीडीओ मो.असलम टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक आर.आर.सेमवाल महाप्रबंधक विजय सहगल अपर महाप्रबंधक संजय महर उप महाप्रबंधक गणेश प्रसाद भट्ट नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp