प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता के साथ अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति जलभराव सड़क अवरुद्ध होने या अन्य आपदा संबंधी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है वहां संबंधित विभाग तत्काल प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि वर्षा के कारण किसी सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उसका तत्काल आकलन कर विस्तृत सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के चलते गंगा घाटों और नदी तटों पर विशेष सतर्कता रखें तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। उन्होंने सभी से सहयोग और संयम बनाए रखने की भी अपील की। इसके अलावा जिलाधिकारी ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की सलाह देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।
