Spread the love

प्रदीप कुमार
गैरसैंण-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना गैरसैंण पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर करीब 600 मीटर चोरी का विद्युत तार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मटियाला और घंडियाल धार से चार केबल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी किए थे। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा विद्युत तार चोरी की घटना में वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल के नेतृत्व में थाना गैरसैंण पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश में सुरागरसी-पतारसी की जा रही थी। 30 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से मामले से संबंधित नामजद आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम आदिबद्री हनुमान मंदिर के पास पहुंची। जानकारी मिली कि विद्युत तार चोरी की घटना से संबंधित मुख्य आरोपी कुछ समय पहले वहां आने-जाने वाले वाहनों को हाथ देकर रोककर उनकी तलाश कर रहा था। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान मटियाला-नौटी रोड पर सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आस मोहम्मद पुत्र साबिर हुसैन निवासी महमूदपुर टिगरी थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश उम्र 37 वर्ष बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी वसीम और मुजफ्फर के साथ मिलकर मटियाला एवं घंडियाल धार से चार केबल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी का माल लोडर वाहन से ले जाते समय अधिक माल होने के कारण उसने कुछ तार सुगड़ बैंड से आगे कर्णप्रयाग की ओर जंगल में छिपा दिए थे जबकि चोरी किए गए कुछ अन्य तार चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिए गए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मटियाला-नौटी रोड से करीब 20 मीटर अंदर जंगल में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सूखे पत्तों और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए विद्युत तार के तीन लच्छे बरामद हुए। प्रत्येक लच्छे की लंबाई करीब 200 मीटर थी। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 600 मीटर विद्युत तार बरामद किया। आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में चोरी के माल को रखने और संबंधित अन्य प्रावधानों को भी जोड़ा गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक अनिल आगरी हेड कांस्टेबल राकेश पंवार और हेड कांस्टेबल गिरीश सती शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *