Spread the love

प्रदीप कुमार
छाम-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के आदेश के क्रम में छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली कानून एवं पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1 सितंबर 2026 को थाना छाम पुलिस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज छाम एवं सरस्वती विद्या मंदिर छाम के छात्र-छात्राओं को थाना परिसर में आमंत्रित कर “छाम पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को पुलिस के कर्तव्यों कार्यप्रणाली थाना स्तर पर की जाने वाली विभिन्न कार्यवाहियों तथा थाने में संधारित किए जाने वाले अभिलेखों एवं रजिस्टरों के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सरल भाषा में समझाया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें थाने की विभिन्न शाखाओं एवं पुलिस व्यवस्थाओं से रूबरू कराया गया। विद्यार्थियों ने पुलिस कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर उत्सुकता के साथ सवाल पूछे जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने पुलिस की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी देने तथा पुलिस और छात्र-छात्राओं के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की जिम्मेदारियों और आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका को करीब से समझने का अवसर मिला। टिहरी पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में युवाओं एवं आमजन को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के जन-जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *