Spread the love

प्रदीप कुमार
नरेंद्रनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने 31 अगस्त 2026 को कोतवाली नरेंद्रनगर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ लंबित विवेचनाओं शिकायती प्रार्थना पत्रों एवं विभिन्न पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में रखे सभी शस्त्रों का भौतिक सत्यापन किया गया। क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मचारियों से शस्त्रों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ शस्त्र प्रशिक्षण भी कराया। शस्त्र संबंधी अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर स्थित भोजनालय एवं मैस साफ-सफाई व्यवस्था आपदा प्रबंधन उपकरण एवं सामग्री तथा क्राइम किट बॉक्स का भी निरीक्षण किया। थाना जीपी सूची के अनुसार उपलब्ध सरकारी सामान का भौतिक मिलान किया गया। इसके साथ ही थाना कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। क्षेत्राधिकारी ने कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकारी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं अनुशासन बनाए रखने जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। निरीक्षण के अवसर पर थानाध्यक्ष नरेंद्रनगर देवराज शर्मा सहित कोतवाली नरेंद्रनगर का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *