Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने अभियान के तहत प्राप्त प्रपत्रों एवं अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक फॉर्म-6 के कुल 4,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली विधानसभा क्षेत्र से 1,329 देवप्रयाग से 469 नरेंद्रनगर से 763 प्रतापनगर से 490 टिहरी से 753 तथा धनौल्टी से 425 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए होता है। सर्वाधिक आवेदन घनसाली विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार फॉर्म-7 के कुल 867 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 42 देवप्रयाग से 34 नरेंद्रनगर से 387 प्रतापनगर से 148 टिहरी से 106 तथा धनौल्टी से 150 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्रस्तुत किया जाता है। फॉर्म-8 के कुल 1,891 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 286 देवप्रयाग से 289 नरेंद्रनगर से 457 प्रतापनगर से 173 टिहरी से 380 तथा धनौल्टी से 306 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता के नाम पता फोटो आदि में संशोधन किया जाता है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक सभी चरणों का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस पर बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की। बैठक में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि व युवा कांग्रेस के सदस्य नवीन सेमवाल महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *