प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कनखल पुलिस ने क्षेत्र में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस द्वारा ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की लगातार निगरानी की जा रही है जिनके बच्चे देश-विदेश में कार्यरत हैं और वे अपने घरों में अकेले रह रहे हैं। कनखल क्षेत्र में 60 से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के एकल रह रहे बुजुर्गों का थाना स्तर पर रजिस्टर तैयार किया गया है। पुलिस द्वारा इन वरिष्ठ नागरिकों की नियमित निगरानी करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों और प्रभारी निरीक्षक कनखल के निर्देशन में पुलिस द्वारा घर-घर जाकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की जा रही है। पुलिसकर्मी उनसे स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई भी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की उसी प्रकार देखभाल और निगरानी का प्रयास किया जा रहा है जैसा कोविड-19 के दौरान किया गया था। पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिक भी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वे खुद को अकेला महसूस करते थे लेकिन पुलिस के घर पहुंचने से उन्हें लगा कि उनकी भी किसी को चिंता है। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए यह प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा पुलिस सदैव उनकी सेवा और सहायता के लिए तत्पर रहेगी।
