Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा 31 अगस्त 2026 को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। सघन चेकिंग अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 264 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1,14,400 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं 61 वाहन चालकों के चालान न्यायालय प्रेषित किए गए जिसमें पांच सीज किए गए वाहन भी शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नशे में वाहन चलाने तेज गति लापरवाही एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। पुलिस ने लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है। टिहरी पुलिस ने सुरक्षित यातायात और सुरक्षित जीवन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *