Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 3.86 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले इनामी अभियुक्त को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में अभियुक्त के नौ बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से संबंधित धनराशि आने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब सात लाख रुपये की धनराशि फ्रीज भी कराई है। इसके अलावा कोलकाता काशी कर्नाटक अमृतसर तमिलनाडु सहित अन्य स्थानों से साइबर क्राइम पोर्टल पर भी अभियुक्त के विरुद्ध शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कोटद्वार निवासी रोहिताश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्वांटम कैपिटल कंपनी के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनसे 3.86 लाख रुपये की साइबर ठगी की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में धोखाधड़ी साइबर अपराध आर्थिक अपराध एवं अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी बैंक खातों की जांच तथा लगातार सुरागरसी के माध्यम से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण किया। जांच में आशीष रिचर्ड निवासी रुड़की की संलिप्तता सामने आई। पुलिस जांच में पता चला कि अभियुक्त ने कुल नौ बैंक खाते खोले थे। इन खातों की जांच में करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से संबंधित धनराशि के खातों में आने और उसके अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार धनराशि का अधिकांश हिस्सा अभियुक्त द्वारा खुर्द-बुर्द किया जा चुका था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी लेकिन वह पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसने अपना मोबाइल फोन भी इस्तेमाल करना बंद कर दिया था। अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा उस पर 1500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और तकनीकी माध्यमों से अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त अपनी पत्नी से मिलने के लिए पौड़ी आ रहा है जो पौड़ी के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत है। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 01 सितंबर 2026 को पौड़ी में इनामी अभियुक्त आशीष रिचर्ड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त के विरुद्ध कोलकाता काशी कर्नाटक अमृतसर तमिलनाडु सहित अन्य स्थानों से साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस द्वारा इन शिकायतों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त आशीष रिचर्ड पुत्र प्रकास बैंजमिन निवासी रुड़की हरिद्वार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *