प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली अगस्त्यमुनि क्षेत्र के विजयनगर में तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हुए मैक्स वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मंगलवार 1 सितंबर 2026 की शाम सूचना मिली कि विजयनगर में एक वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोपहिया वाहन सवार को टक्कर मार दी और मौके से वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाईवे पेट्रोल वाहन के माध्यम से फरार वाहन का पीछा किया। पुलिस टीम ने मैक्स वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया। वाहन का नंबर UK 12 TA 0923 बताया गया है। चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चालक आशीष नेगी पुत्र विजयपाल सिंह नेगी निवासी ग्राम जोला पोस्ट बड़ेथ थाना गुप्तकाशी जिला रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन को सीज कर दिया है। इसके साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
