Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले मनी म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध टिहरी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस ने चिन्हित मनी म्यूल खाताधारकों को थाने बुलाकर साइबर अपराध और बैंक खातों के दुरुपयोग के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान खाताधारकों की काउंसलिंग करने के साथ उन्हें साइबर अपराध से दूर रहने और अपने बैंकिंग संसाधनों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खातों के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुपालन में 2 सितंबर 2026 को टिहरी पुलिस के सभी थानों द्वारा चिन्हित मनी म्यूल खाताधारकों को संबंधित थानों में बुलाया गया। पुलिस ने खाताधारकों को समझाया कि साइबर अपराधी अक्सर दूसरे व्यक्तियों के बैंक खातों यूपीआई आईडी मोबाइल नंबर, एटीएम और डेबिट कार्ड आदि का इस्तेमाल अवैध धनराशि के लेन-देन के लिए करते हैं। ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल मनी म्यूल खाते के रूप में किया जा सकता है। इससे खाताधारक अनजाने में भी साइबर अपराध की गतिविधि में शामिल हो सकता है और उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस दौरान पुलिस ने खाताधारकों को साइबर अपराधियों द्वारा मनी म्यूल खातों के माध्यम से की जाने वाली धोखाधड़ी और धनराशि के लेन-देन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्हें अपने बैंक खाते यूपीआई आईडी और पिन मोबाइल नंबर एटीएम या डेबिट कार्ड सहित अन्य बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने यह भी हिदायत दी कि किसी लालच कमीशन या अन्य लाभ के लिए किसी अनजान व्यक्ति की धनराशि अपने बैंक खाते में प्राप्त कर उसे आगे किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर न करें। सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार के साइबर अपराध से दूर रहने और अपने बैंक खाते का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध बैंकिंग लेन-देन या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, संबंधित थाना या साइबर सेल को सूचना दी जाए। इस अवसर पर सभी संबंधित खाताधारकों को साइबर अपराध से दूर रहने तथा अपने बैंकिंग संसाधनों का किसी भी संदिग्ध गतिविधि में इस्तेमाल न होने देने की शपथ दिलाई गई। जनपद के सभी थानों द्वारा आवश्यकतानुसार संबंधित मामलों में नियमानुसार निवारक कार्रवाई भी की जा रही है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपना बैंक खाता एटीएम या डेबिट कार्ड यूपीआई अथवा मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने खाते में धनराशि प्राप्त कर उसे किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर न करें क्योंकि ऐसा करना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। पुलिस ने अपील की है कि साइबर अपराध का शिकार होने अथवा किसी संदिग्ध साइबर लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें या नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *