Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में संचालित हरित हरिद्वार अभियान की समीक्षा बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मेलाधिकारी कुंभ सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर अभियान की अवधि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। साथ ही मानसून अवधि समाप्त होने से पहले मिशन मोड में वृक्षारोपण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए और आमजन से भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। वन विभाग एवं हरिद्वार विकास प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि जनपद में सजावटी एवं वन प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं जिन्हें विभिन्न विभागों को उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को गति दी जाए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के माध्यम से विद्यालयों के लिए पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत नगर क्षेत्रों में आंवला पीपल नीम एवं बरगद जैसे ऑक्सीजन देने वाले पौधों का रोपण कर ऑक्सीजन लेन विकसित करने की योजना पर भी बैठक में चर्चा की गई। बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि उनके द्वारा किए जाने वाले प्रत्येक वृक्षारोपण की जानकारी और फोटो ‘हरित हरिद्वार एप’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *