Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पर्यटन दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को कोटी कॉलोनी टिहरी झील के निकट पर्यटन विभाग एवं विभिन्न संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “पर्यटन के पुनर्गठन के लिए डिजिटल कार्यसूची एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता” रही। कार्यक्रम में पर्यटन विकास आधुनिक तकनीक कृत्रिम बुद्धिमत्ता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के विशेषज्ञों एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पर्यटन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के उपयोग पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर्यटन स्थलों की जानकारी डिजिटल माध्यम से पहुंचाने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने पर चर्चा हुई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने जनपद टिहरी गढ़वाल की पर्यटन संभावनाओं और विभिन्न पर्यटन गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से पर्यटन स्थलों की जानकारी देश-दुनिया तक पहुंचाने तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के कमांडिंग ऑफिसर विपिन मिश्रा ने पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यटन स्थलों के विकास में सामूहिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज एवं स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं के बीच पर्यटन में डिजिटल तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कु. प्रियंका जोशी ने प्रथम शुभम तोपवाल ने द्वितीय तथा निखिल राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान टिहरी झील एवं भागीरथी नदी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नौकाओं के माध्यम से जल क्षेत्र में एकत्रित कूड़ा-करकट एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर तट तक लाया गया और उसका उचित निस्तारण किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रो. डॉ.विवेक कुमार डॉ.सुलक्षणा शर्मा पल्लव असवाल जल क्रीड़ा निरीक्षक नवीन नेगी उम्मेद राणा दरमियान सिंह नेगी गीता चौहान लक्ष्मी रावत मनोज प्रसाद बिजलवान दर्शन सिंह पवार ममता सजवान सहित पर्यटन विभाग भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल संबंधित संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *