प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। औली में पर्यटन केंद्र के समीप मुख्य सड़क पर विशालकाय पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस ज्योर्तिमठ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विपरीत मौसम के बीच राहत कार्य शुरू किया। फायर सर्विस कर्मियों ने वुडन कटर और आपदा राहत उपकरणों की सहायता से सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा। इसके बाद जेसीबी की मदद से पेड़ के टुकड़ों को सड़क से हटाकर मार्ग को साफ किया गया। पेड़ हटाए जाने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु कर दी गई। पेड़ गिरने की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय पर सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस टीम द्वारा तत्परता से की गई कार्रवाई के चलते सड़क को शीघ्र ही यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया। राहत कार्य में एलएफएम प्रदीप त्रिवेदी डीवीआर कुलदीप सिंह एफएम हरदीप शाह एफएम पंकज थपलियाल एफएम वीरेंद्र कुमार एफएम नरेंद्र राणा और एफएम विकास नौटियाल शामिल रहे।
