Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पंतनगर में शनिवार 03 अक्टूबर 2026 को आयोजित 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में उत्तराखंड के 09 जिलों के प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया। कृषि के क्षेत्र में अभिनव परिवर्तन लाने के लिए आयोजित प्रगतिशील कृषक सम्मान समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त गुरमीत सिंह ने प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भणज के युवा कृषक अजय नेगी को भी प्रगतिशील किसान सम्मान से सम्मानित किया गया जो जनपद के लिए गौरव की बात है। पंतनगर में आयोजित किसान मेले में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी सहित उच्च प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान राज्य के 09 जिलों के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया जिनमें जनपद रुद्रप्रयाग से अजय नेगी भी शामिल रहे। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि के भणज गांव निवासी युवा कृषक अजय नेगी पहले पशुपालन विभाग में संविदा पर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 25 हजार रुपये प्रतिमाह का वेतन छोड़कर खेती और बागवानी को रोजगार का जरिया बनाया। अजय नेगी ने बताया कि वर्ष 2019-20 में कोरोना काल के दौरान पिता का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें संविदा की नौकरी छोड़कर वापस गांव आना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सरकार एवं विभाग की योजनाओं का लाभ लेते हुए अपनी खेती में सब्जी और फल उत्पादन के साथ जूस का छोटा कारोबार शुरू किया। वर्तमान में अजय नेगी 12 नाली से अधिक भूमि पर धान दलहन मंडुवा झंगोरा के साथ ही कीवी माल्टा नारंगी कागजी नींबू ब्रोकली मिर्च और अदरक का उत्पादन कर आय अर्जित कर रहे हैं। इनमें कीवी और माल्टा उनकी आय के प्रमुख स्रोत बन चुके हैं। अजय नेगी खेती-बागवानी में मेहनत कर वर्तमान में 60 से 70 हजार रुपये प्रतिमाह तक आय अर्जित कर रहे हैं। अजय नेगी की खेती और बागवानी के क्षेत्र में यह पहल रुद्रप्रयाग जिले सहित पूरे राज्य के युवाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *