प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत जिला सभागार में 32 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी ने प्रशिक्षुओं को जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं। जिला जनगणना अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर तहसील और चार्ज स्तर पर कार्यरत प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे। इसके माध्यम से जनगणना के द्वितीय चरण के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में जनगणना का द्वितीय चरण एक दिसंबर से चार जनवरी तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक भूलेख अधिकारी राकेश पल्लव और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अमन तथा गौरव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
